पिथौरागढ़ | सोर समाचार
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026–27 में पिथौरागढ़ की बॉक्सर कोमल मेहता ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर (पंजाब) में आयोजित हुई।
श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित आवासीय बालिका बॉक्सिंग छात्रावास में प्रशिक्षण ले रही कोमल मेहता ने 65 से 70 किलोग्राम लाइट मिडिल वेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मानसी निमझे, गायत्री कल्याण, अशुल रानी और नेहा को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में ललिता गुलेरिया को 4–1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उन्हें कृषा वर्मा से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता में छात्रावास की चांदनी कर्नाटक ने भी भाग लिया, लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में हार गईं। दोनों खिलाड़ी प्रशिक्षक देवी चंद और सुनीता मेहता से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न यूनिवर्सिटियों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कोमल मेहता की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

