पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ के लक्ष्मण सिंह महर परिसर में पाँचवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणाम से जुड़ी समस्याओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन छात्र महासंघ अध्यक्ष तिलकराज पाठक के नेतृत्व में परिसर निदेशक के माध्यम से प्रेषित किया गया।
छात्रों का कहना है कि माइनर विषय में कई विद्यार्थियों को अपेक्षा से बहुत कम अंक मिले हैं, जिससे छात्रों में असंतोष और चिंता का माहौल है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विषय में स्पेशल बैक परीक्षा का अवसर दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
छात्र महासंघ अध्यक्ष तिलकराज पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए, जिससे सभी विद्यार्थियों को न्याय मिल सके।
इस दौरान छात्र नेता बिरजू चौधरी, पवन वर्मा, शिवम गढ़कोटी, शिवम कांडपाल सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

