पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ में डिजिटल प्रशासन को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 19 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले दिन ई-गवर्नेन्स, ई-ऑफिस और मिशन कर्मयोगी विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें डिजिटल प्रशासन और ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई।
18 मार्च को वेतन निर्धारण, पदोन्नति, एसीपी और एमएसीपी से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण होगा, जबकि 19 मार्च को सूचना का अधिकार और सेवा का अधिकार विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और इसे कार्यस्थल पर लागू करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

