पिथौरागढ़ में जनगणना-2027 प्रशिक्षण, दूसरे दिन सत्र संपन्न

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

पिथौरागढ़ में जनगणना-2027 के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विकास भवन सभागार में चल रहे इस प्रशिक्षण की शुरुआत 27 मार्च से हुई है, जो 29 मार्च तक जारी रहेगा।
द्वितीय दिवस के सत्रों में प्रतिभागियों को जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत और तकनीकी जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने जनगणना को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी ट्रेनर्स को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर धर्मेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा दिशा-निर्देश पुस्तिका और वीडियो के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे सुपरवाइजर और गणनाकारों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना-2027 का कार्य सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रशिक्षार्थी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *