पिथौरागढ़ | सोर समाचार
उत्तराखंड क्रांति दल के नेता एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा चलाया जा रहा पौधारोपण अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। यह अभियान अब अपने 625वें दिन में पहुंच गया है, जो क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बन रहा है।
अभियान के 625वें दिन रण गांव, डीडीहाट में एक विशेष अवसर देखने को मिला, जब राजकीय इंटर कॉलेज अस्कोट से सेवानिवृत्त शिक्षक जगत सिंह खोलिया ने अपनी सेवानिवृत्ति के अवसर पर पौधारोपण किया। उन्होंने अपने परिवार के साथ “एक पौधा धरती मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाकर समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस मौके पर जगत सिंह खोलिया ने कहा कि वे लंबे समय से पौधारोपण से जुड़े रहे हैं और सेवानिवृत्ति के अवसर पर इस अभियान से जुड़कर उन्हें विशेष संतोष मिला है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों सहित गोपाल सिंह खोलिया, होशियार सिंह खोलिया, डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुनील शाह और गौरव पांडे भी मौजूद रहे।
अभियान के संयोजक दिनेश गुरुरानी ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

