पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ में “फ्री शिक्षा” के नाम पर अभिभावकों को गुमराह किए जाने के मामलों को लेकर एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स कमेटी उत्तराखंड ने सख्त रुख अपनाया है। संगठन ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या बाजारीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष पुरन चन्द्र भट्ट ने बताया कि कुछ विद्यालय फ्री शिक्षा का लालच देकर अभिभावकों को आकर्षित करते हैं, लेकिन बाद में विभिन्न शुल्कों के जरिए आर्थिक बोझ बढ़ा देते हैं। उन्होंने ऐसे मामलों की जांच की मांग उठाई और इसे शिक्षा के मूल उद्देश्य के खिलाफ बताया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार पंत ने कहा कि संगठन अभिभावकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक सहयोग लिया जाएगा। वहीं, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष रुद्राक्ष जोशी ने अभिभावकों से स्कूल में प्रवेश से पहले उसकी मान्यता और संसाधनों की पूरी जानकारी लेने की अपील की।
एसोसिएशन ने साफ कहा कि शिक्षा सेवा है, व्यवसाय नहीं, और अभिभावकों को “फ्री” के प्रलोभन से बचकर सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए।

