पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ में जनसुनवाई दिवस के दौरान प्रशासन एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आया, जहां कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जनता की समस्याएं सुनीं और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 27 शिकायतें सामने आईं, जिनमें सड़क, पेयजल, राजस्व, बिजली और शिक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दे शामिल रहे।
दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी परेशानियां रखते हुए खासतौर पर सड़क और पेयजल की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्राम स्यूनी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी, जहां करीब 200 परिवारों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मूनाकोट क्षेत्र के बुगा मर्सोलीभाट गांव में 25 साल पुराने पेयजल पोस्ट को हटाए जाने का मामला भी सामने आया, जिससे कई परिवारों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने संबंधित विभागों को मौके पर जाकर जांच करने और जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ चेतावनी भी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि आम जनता को त्वरित राहत देने का एक मजबूत माध्यम है, और इसमें पारदर्शिता व जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।


