थल सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी बोले — ऑपरेशन ‘सिंदूर’ जारी, जल्द आएगा 2.0 संस्करण

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी दो दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे। सेना ब्रिगेड मुख्यालय में अधिकारियों से बैठक कर उन्होंने सेना की तैयारियों का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में जनरल द्विवेदी ने बताया कि ऑपरेशन ‘सिंदूर 1.0’ पूरा हो चुका है, लेकिन इसे रोका नहीं गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ समय के लिए गोलाबारी रुकी है, पर ऑपरेशन जारी है और तब तक चलता रहेगा जब तक उसका लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने संकेत दिए कि ऑपरेशन ‘सिंदूर 2.0’ जल्द शुरू हो सकता है, जिसके लिए भारतीय सेना पूरी तरह तैयार है।


शनिवार शाम फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित समारोह में उन्होंने कार्यरत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया। जनरल द्विवेदी ने कहा कि देश के निर्माण में फौज हमेशा अग्रणी रही है और नेशन बिल्डिंग का पहला स्तंभ भारतीय सेना को बनना चाहिए। उन्होंने जवानों को ऐसा लीडर बनने की प्रेरणा दी जिसे सब पसंद करें और कहा कि अब पुरुष और महिला दोनों के शारीरिक परीक्षण समान होंगे।


वेटरन को संबोधित करते हुए उन्होंने 50वें ‘नमन स्टेशन’ के निर्माण की घोषणा की और बताया कि टेली मेडिसिन जैसी नई सुविधाएँ वेटरन के लिए शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि वेटरन की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र और राज्य सैनिक बोर्ड मिलकर कार्य कर रहे हैं।

अंत में सेना प्रमुख ने जानकारी दी कि जल्द ही नॉर्दन कमांड और रुद्रा ब्रिगेड का गठन किया जाएगा, जिसमें सैनिकों को विशेष प्रशिक्षण और उपकरण दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *