डीडीहाट ने जीता जिला स्तरीय वॉलीबॉल खिताब

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर खेल विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वॉलीबॉल एवं योग प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर से खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल में डीडीहाट ने स्टेडियम ट्रेनीज, पिथौरागढ़ को कड़े मुकाबले में 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं, योग प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के 50 से अधिक बालक-बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं व उपविजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश सिंह नेगी और प्रो. जीत सिंह ज्याला ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि गांधी-शास्त्री के आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं। इस अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने स्वच्छता अभियान चलाया और गांधी-शास्त्री के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *