पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जनपद में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिनांक 23 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा दत्तक ग्रहण संबंधी प्रकरण में अंतिम आदेश पारित किया गया। आदेश के तहत 9 माह की एक बालिका को पश्चिम बंगाल के पात्र दंपति को विधिवत दत्तक प्रदान किया गया।
उक्त बालिका पिथौरागढ़ स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (Specialized Adoption Agency) में संरक्षित थी, जहां उसकी समुचित देखभाल, पोषण एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया गया। दत्तक ग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया विधिक प्रावधानों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई।
दत्तक ग्रहण करने वाले दंपति द्वारा मिशन वात्सल्य पोर्टल पर पंजीकरण, गृह अध्ययन प्रतिवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा अंतिम आदेश जारी किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं स्थायी परिवार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पारदर्शी एवं समयबद्ध दत्तक प्रक्रिया के माध्यम से निराश्रित बच्चों को बेहतर भविष्य देने का प्रयास किया जा रहा है।
यह आदेश मिशन वात्सल्य के उद्देश्यों की पूर्ति के साथ-साथ बाल संरक्षण व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

