पिथौरागढ़ | सोर समाचार
04 जुलाई 2025 — नियुक्ति की राह देख रहे 1352 एलटी चयनित सहायक अध्यापकों ने अपने ‘नियुक्ति नहीं तो वोट नहीं’ अभियान के तीसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत की ग्रामसभाओं का रुख किया।
यहाँ वे मतदाताओं से सीधे संवाद कर अपनी 5 माह से लंबित नियुक्ति की पीड़ा साझा कर रहे हैं। चयनितों का आरोप है कि सरकार की बेरुखी और न्यायालय में कमजोर पैरवी के चलते उन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है।
चयनितों का कहना है कि यदि शीघ्र नियुक्ति नहीं दी गई तो इस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वे हर ग्रामसभा तक अपनी बात पहुंचाकर सरकार को सबक सिखाएंगे।
पिछले तीन महीनों से ये अभ्यर्थी शिक्षा निदेशालय देहरादून में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
इस अभियान में दिनेश, अजय, मोहिनी, ऊषा सहित कई चयनित शिक्षक शामिल रहे।

