गैस सप्लाई को लेकर अफवाहों पर प्रशासन की चेतावनी, LPG आपूर्ति पूरी तरह सामान्य !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

जनपद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच बढ़ते वैश्विक तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, लेकिन इसका जनपद में गैस आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। वर्तमान में जनपद में 3736 घरेलू (LPG) सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं, जबकि 429 व्यावसायिक सिलिंडर भी उपलब्ध हैं।
प्रशासन और आपूर्ति विभाग द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू उपयोग के लिए LPG का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
आपूर्ति विभाग के अनुसार नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और न ही किसी प्रकार की अनावश्यक गैस बुकिंग करने की जरूरत है। गैस एजेंसियां नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ‘पैनिक बुकिंग’ से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और गैस एजेंसियां यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रत्येक घर तक रसोई गैस की आपूर्ति समय पर और सुचारू रूप से बनी रहे। साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल सरकारी बुलेटिन या संबंधित गैस कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर ही विश्वास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *