पिथौरागढ़ में शुरू हुआ मोबाइल पासपोर्ट शिविर !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

नगर निगम सभागार पिथौरागढ़ में गुरुवार से तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट शिविर की शुरुआत हुई। यह शिविर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय देहरादून और उत्तराखंड शासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विनय शंकर पांडेय और नगर आयुक्त डॉ. दीपक सेनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

दर्जा राज्य मंत्री भंडारी ने कहा कि सीमांत जिले के लोगों को अब पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए देहरादून या हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पिथौरागढ़ में स्थायी पासपोर्ट कार्यालय खोलने की दिशा में प्रयास जारी हैं, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी जकड़ टूटेगी।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि शिविर से स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों और प्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि करार दिया।

पहले दिन ही 50 से अधिक ऑनलाइन आवेदनों की जांच की गई। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मोबाइल कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पासपोर्ट सेवाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *