सोर समाचार | पिथौरागढ़
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लंबे इंतजार के बाद मौसम ने आखिरकार करवट ले ली। जिला मुख्यालय सहित निचले इलाकों में बारिश हुई, जबकि मुनस्यारी, धारचूला और चंडाक क्षेत्र में बर्फबारी दर्ज की गई। हिमपात के बाद हिमालय की चोटियां एक बार फिर सफेद नजर आने लगीं।
मुनस्यारी में बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई और कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। देर शाम तक मुनस्यारी में लगभग तीन इंच, खलिया में पांच, बलाती में छह और मिलम क्षेत्र में करीब सात इंच बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे।
वहीं चंडाक क्षेत्र में शाम करीब छह बजे से हिमपात शुरू हो गया। पिथौरागढ़ नगर में भी कुछ देर तक हल्की बर्फबारी हुई, जिसे देखकर लोग उत्साहित नजर आए। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में लोगों की खुशियां साफ झलकती रहीं।
हालांकि बर्फबारी से कुछ दुश्वारियां भी सामने आईं। थल–मुनस्यारी मार्ग पर बर्फ जमने से सड़क बंद हो गई, जिससे कई पर्यटक और वाहन रास्ते में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने और पर्यटकों को सुरक्षित मुनस्यारी पहुंचाने का प्रयास किया।
बारिश और बर्फबारी के बाद जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। वहीं बारिश से सूख रही फसलों को भी नया जीवन मिला है, जिससे किसानों में राहत और खुशी का माहौल है।

