शीतकाल को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनसुविधा में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: डीएम

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

शीतकाल एवं संभावित बर्फबारी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी पिथौरागढ़ श्री आशीष भटगांई ने जनपद के सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहते हुए जनसुविधा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतकाल के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, नगर निकायों और विभागीय अधिकारियों को प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अलाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रैनबसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि ठंड से प्रभावित किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो।

उन्होंने जरूरतमंद, असहाय और बेघर लोगों को समयबद्ध रूप से कंबल वितरण सुनिश्चित करने तथा शीतलहर से बचाव के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए।
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शीतकाल एवं बर्फबारी की स्थिति में पर्यटक स्थलों, होटलों और गेस्ट हाउसों में हीटिंग, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

साथ ही सड़क मार्ग से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बर्फबारी के कारण यदि कहीं मार्ग अवरुद्ध होता है तो तत्काल स्नो-कटर, जेसीबी और अन्य मशीनरी तैनात कर मार्ग को शीघ्र सुचारु कराया जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *