तोताघाटी में भीषण हादसा — खाई में गिरा पिकअप, देहरादून के तीन युवकों की मौत

उत्तराखण्ड | सोर समाचार

ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम तोताघाटी के पास एक पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पेंट और पुट्टी से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर नीचे जा गिरी।

देवप्रयाग थानाध्यक्ष एल.एस. बुटोला ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहन सिंह (25), प्रवीण राठौर (25) और ताराचंद्र (24) — तीनों निवासी डोईवाला, देहरादून के रूप में हुई है। वाहन के स्वामी प्रवीण राठौर अपने दो साथियों के साथ 25 अक्टूबर की रात देहरादून से गोपेश्वर के लिए निकले थे। लेकिन वे 26 की सुबह गंतव्य तक नहीं पहुंचे।

परिजनों ने जब संपर्क नहीं हो पाया तो सोमवार सुबह बछेलीखाल पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर साकनीधार क्षेत्र में खोज शुरू की। तलाश के दौरान तोताघाटी के पास टूटी पैराफिट और नीचे बिखरा हुआ सामान मिला, जिससे दुर्घटना की पुष्टि हुई।

एसडीआरएफ व्यासी की टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने गहरी खाई से तीनों शव बरामद किए और वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से निकाले। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *