सोर समाचार | पिथौरागढ़
इटानगर, अरुणाचल प्रदेश में 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित स्कूल नेशनल गेम्स 2025 में पिथौरागढ़ के सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम के अधीन संचालित आवासीय बालिका बॉक्सिंग छात्रावास की माया राय और दिया कठायत ने कॉस्य पदक जीतकर प्रदेश और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। दिया ने अपने पहले मुकाबले में राजस्थान की और दूसरे में अरुणाचल प्रदेश की बॉक्सर को पराजित किया, जबकि क्वार्टर फाइनल में हिमाचल की बॉक्सर से हारकर कॉस्य पदक हासिल किया। माया ने पहले मुकाबले में केरला और दूसरे मुकाबले में सीआईएसई की बॉक्सर को हराया, क्वार्टर फाइनल में मणिपुर की बॉक्सर से पराजित हुई और कॉस्य पदक अर्जित किया। दोनों बॉक्सरों को प्रशिक्षक कैप्टन देवी चंद और सुनीता मेहता द्वारा मार्गदर्शन मिला।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने से पिथौरागढ़ के युवा बॉक्सरों के लिए यह प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष कमल पुनेड़ा, सचिव अजय राठौर, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह बोहरा सहित कई खेल प्रेमियों ने माया और दिया को बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित की।

