पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ श्री आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन और RPWSS योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में RPWSS ID निर्माण, हर घर जल ग्राम प्रमाणीकरण, पीएम गति शक्ति पोर्टल पर KML फाइल स्वीकृति, जियो-टैगिंग, TPIA रिपोर्ट एवं IMIS पोर्टल पर वित्तीय समापन की स्थिति की समीक्षा की गई। कई योजनाओं में धीमी प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब चेतावनी नहीं, बल्कि परिणाम होंगे।
उन्होंने एक सप्ताह के भीतर ठोस और मापनीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यदि समयसीमा में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही ATR/FCR और वित्तीय समापन की कमजोर स्थिति वाले डिवीजनों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि हर घर तक नियमित, सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर की ढिलाई अस्वीकार्य है। बैठक में अधीक्षण अभियंता जल संस्थान पी.एस. रावत, अधिशासी अभियंता सुरेश जोशी और जल निगम से पी.एन. चौधरी उपस्थित रहे।

