पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी मुनस्यारी ने शीतकालीन वर्ष 2025–26 के दौरान संभावित बर्फबारी और बढ़ते पर्यटक दबाव को ध्यान में रखते हुए समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और यातायात, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क सुरक्षा, होटल प्रबंधन, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
उपजिलाधिकारी ने बीआरओ को निर्देशित किया कि आपात स्थितियों में जेसीबी मशीन हर समय तैनात रहे। होटल और टैक्सी संचालकों को पर्यटकों से निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने तथा पेट्रोल पंप संचालकों को ईंधन आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व तैयारी करने और आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पर्यटकों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

