‘मेरा सपना – मेरा लक्ष्य’ पहल से सीमांत क्षेत्र की बालिकाओं को मिला प्रशासन से सीधा संवाद !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

सीमांत क्षेत्र की बालिकाओं को आत्मविश्वास और सही दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा संचालित ‘मेरा सपना • मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम लगातार सकारात्मक प्रभाव दिखा रहा है। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धारचूला की 26 छात्राओं को प्रशासन से सीधे जोड़ते हुए शासकीय कार्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को नज़दीक से समझा और महिला प्रशासनिक अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। जिलाधिकारी ने औपचारिक भाषण से हटकर छात्राओं से खुले संवाद में उनके सपनों, करियर विकल्पों और लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और जागरूकता विकसित करने वाली दूरदर्शी पहल बताया। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

संवाद सत्र में महिला अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं और करियर विकल्पों की वास्तविक समझ मिली। कई छात्राओं ने इस अनुभव को प्रेरणादायक और जीवन बदलने वाला बताया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, उपजिलाधिकारी सदर जीतेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *