सोर समाचार | पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ जनपद के मल्लिकार्जुन स्कूल का नाम एक बार फिर जिले ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड में गौरवान्वित हुआ है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित INSPIRE अवार्ड–मानक योजना के अंतर्गत मल्लिकार्जुन स्कूल के कक्षा 9 के छात्र शिरीष कोहली के नवाचार का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।
शिरीष कोहली ने “फायर ब्रेक की मदद से जंगल की आग की रोकथाम” विषय पर ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो मौजूदा समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है। जनपद भर से आए लगभग 1500 नवाचारों में से इस प्रोजेक्ट का जिला स्तर पर चयन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
यह मॉडल विद्यालय के एसएसटी शिक्षक गोविंद कांडपाल के मार्गदर्शन में तैयार किया गया, जिनकी भूमिका इस सफलता में अहम रही। चयनित छात्र को मॉडल निर्माण के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है।
यह उपलब्धि न सिर्फ मल्लिकार्जुन स्कूल, बल्कि पूरे पिथौरागढ़ और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उम्मीद की जा रही है कि यह नवाचार राज्य स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाएगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई सोच को आगे बढ़ाएगा।

