सोर समाचार | पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जनसुनवाई दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, अतिक्रमण सहित करीब 50 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में पेयजल योजनाओं की खराब स्थिति, दूषित जलापूर्ति, सड़क व पुल निर्माण, नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, गांधी चौक से अतिक्रमण हटाने, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाओं के पुनर्निर्माण और निजी विद्यालयों की कथित मनमानी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त मामलों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई में उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

