सोर समाचार | पिथौरागढ़
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मानस खंड मंदिर माला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाट कालिका, पाताल भुवनेश्वर, थलकेदार, मोस्टमानू समेत विभिन्न मंदिर समितियों के अध्यक्ष एवं संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि कुमाऊँ की धार्मिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए मंदिर स्थलों का समग्र विकास आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता, पार्किंग, पेयजल, संपर्क मार्ग, सुरक्षा, सीसीटीवी, दिशा-सूचक बोर्ड और पर्यटक सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
हाट कालिका धाम में पार्किंग और शेष निर्माण कार्यों को 19 मार्च से पूर्व पूरा करने को कहा गया। पाताल भुवनेश्वर में प्रवेश-निकास व्यवस्था, प्रकाश, गाइड सुविधा और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। थलकेदार व मोस्टमानू में सुरक्षा दीवार, पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और संबंधित विभागों के समन्वय से पूरे किए जाएंगे, ताकि धार्मिक स्थलों को एक सुव्यवस्थित आध्यात्मिक-पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा सके।

