होली पर भी नहीं थमा आंदोलन, 130 पर्यावरण बटालियन के विरोध में धरना 15वें दिन जारी

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ में 130 पर्यावरण बटालियन के प्रस्तावित विस्थापन के विरोध में पूर्व सैनिक संगठन का धरना 15वें दिन भी जारी रहा। इस वर्ष पूर्व सैनिकों ने आंदोलन के समर्थन में होली का पर्व न मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
धरनास्थल पर वक्ताओं ने कहा कि जब पूरा देश होली के रंगों में सराबोर था, तब सीमांत क्षेत्र के पूर्व सैनिक अपने जनपद के अस्तित्व, रोजगार और पर्यावरणीय सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता, प्रदेश सरकार की निष्क्रियता और केंद्र सरकार के रवैये पर नाराज़गी जताई।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात कर विषय उठाया गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री से भी वार्ता का प्रयास किया जाएगा।
धरने के दौरान 14 वर्षीय कपिल पंत 16 किलोमीटर पैदल चलकर आंदोलन में शामिल हुआ, जिसे उपस्थित लोगों ने भावी पीढ़ी की जागरूकता का प्रतीक बताया।
पूर्व सैनिक संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *