पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ में अवैध मादक पदार्थों की खेती और नशे के कारोबार पर नियंत्रण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में NCORD एवं राजस्व-पुलिस समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में अफीम, खसखस, पोस्त और भांग की अवैध खेती तथा ड्रग्स की गैरकानूनी बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने बताया कि पुलिस द्वारा हाल ही में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चरस, स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की खेप बरामद की गई है और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल स्टोर्स में अवैध दवाओं की बिक्री पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने और नशामुक्ति केंद्र की स्थापना के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर साझा करें, ताकि जनपद को नशामुक्त बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

