पिथौरागढ़ में जनगणना-2027 का प्रशिक्षण शुरू, मोबाइल ऐप से होगी गणना !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

विकास भवन सभागार में भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला/चार्ज स्तर के अधिकारियों का तीन दिवसीय इंट्रोडक्टरी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की।

इस अवसर पर बताया गया कि जनगणना-2027 पहली बार शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मोबाइल एप के जरिए डाटा संकलन करेंगे तथा संपूर्ण प्रक्रिया का संचालन CMMS पोर्टल से किया जाएगा।

प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक तथा द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) 9 से 28 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। नागरिकों को पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और तकनीकी दक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण का संचालन जनगणना निदेशालय, उत्तराखंड के अधिकारियों द्वारा किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ एवं नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *