सोर समाचार | पिथौरागढ़
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगाई की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025–26 की विभागवार बजट एवं व्यय प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा में पाया गया कि कुछ विभागों की प्रगति संतोषजनक है, जबकि कुछ विभागों में व्यय अपेक्षाकृत कम रहा। जिलाधिकारी ने कम व्यय वाले विभागों को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता पर पूर्ण करने तथा कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व शत-प्रतिशत बजट व्यय सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए यूपीसीएल एवं वन विभाग को श्रेणी ‘A’ में लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग को नए टेम्पो वाहनों की जांच तथा आबकारी विभाग को प्रवर्तन कार्यवाहियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

