पिथौरागढ़ | सोर समाचार
भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती के अवसर पर जिला खेल कार्यालय पिथौरागढ़ द्वारा 10 सितम्बर को श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेन्द्र लुंठी, सचिव ललित पंत और जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर किया।
दौड़ में ओपन बालिका वर्ग में माया राय, ओपन बालक वर्ग में जीवन सिंह सौन, अंडर-18 बालक वर्ग में कपिल धामी, अंडर-14 बालक वर्ग में विनय सिंह और अंडर-14 बालिका वर्ग में नव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कुल 156 बालक-बालिकाओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया। विजेता खिलाड़ियों को नगर निगम हॉल में मेयर कल्पना देवलाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

