पिथौरागढ़ | सोर समाचार
नेपाल में वर्तमान में उत्पन्न हिंसक परिस्थितियों के चलते पिथौरागढ़ पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा से जुड़े जनपद पिथौरागढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया गया है।
एसपी पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन और सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी व सीओ धारचूला के.एस. रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस बल ने एसएसबी के साथ संयुक्त गश्त शुरू की है। सीमा के झूलापुलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी रखी जा रही है।
सीमा पार से आने-जाने वालों की कड़ी जांच की जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साथ ही जनपद में रह रहे नेपाली नागरिकों और बाहरी जनपदों से आए लोगों का दस्तावेज सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। बिना सत्यापन के पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

