पिथौरागढ़ | सोर समाचार
उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष और डीडीहाट से विधानसभा प्रत्याशी तथा राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी का अनूठा पौधारोपण अभियान शनिवार को 600वें दिन भी जारी रहा।
अभियान के 600 दिन पूरे होने के अवसर पर डीडीहाट निवासी पृथ्वी पाल सिंह चूफाल (गोल्डी) और गीता ने अपनी 28वीं शादी की सालगिरह को खास बनाते हुए नगर पालिका के पार्क में पौधारोपण किया। पृथ्वी पाल सिंह चूफाल ने कहा कि वे हर साल अपनी सालगिरह पर पौधारोपण करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चूफाल ने कहा कि नगर पालिका के अन्य पार्कों में भी शीघ्र ही पौधारोपण कराया जाएगा। वहीं दिनेश गुरु रानी ने कहा कि उनके अभियान को 600 दिन पूरे होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और प्रकृति के करीब रहकर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है।
कार्यक्रम में डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुनील शाह, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कन्याल, अर्जुन कन्याल, प्रमोद डिगारी, अधिशासी अधिकारी सूरज कुमार, जगदीश चूफाल और जग्गू कन्याल सहित कई लोग मौजूद रहे।

