डीडीहाट रामलीला के ‘हनुमान’ नरेंद्र सिंह खोलिया का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

डीडीहाट में 28 वर्षों से रामलीला में हनुमान का किरदार निभाने वाले वरिष्ठ कलाकार नरेंद्र सिंह खोलिया का सोमवार सुबह हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, शिव मंदिर वार्ड निवासी नरेंद्र सिंह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हाल ही में उन्होंने हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया था और तीन दिन पूर्व ही घर लौटे थे। रविवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद सोमवार सुबह उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वर्ष 1998 से डीडीहाट रामलीला में हनुमान की भूमिका निभा रहे नरेंद्र सिंह स्थानीय लोगों के बीच “हनुमान जी” के नाम से ही प्रसिद्ध थे। उनके निधन पर रामलीला मैदान में उनके पार्थिव शरीर को रखकर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई। विधायक बिशन सिंह चुफाल, पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल, रामलीला कमेटी एवं व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *