पिथौरागढ़ | सोर समाचार
दीपावली के पावन अवसर पर पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला ऐसा पर्व है, जो आपसी भाईचारे, सौहार्द और उल्लास का प्रतीक है। यह त्योहार हमें सत्य, धर्म और ज्ञान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे इस पर्व को सादगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं। उन्होंने पटाखों के सीमित और सावधानीपूर्वक उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और पशु-पक्षियों की सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। साथ ही जनपद में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा — “यह दीपोत्सव जनपद के प्रत्येक नागरिक के जीवन में नई ऊर्जा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।”

