सोर समाचार | पिथौरागढ़
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकास भवन में स्थापित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों को प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से नियमित रूप से संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उनकी समस्याओं का समाधान संतोषजनक रूप से हुआ है। साथ ही लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निस्तारित शिकायतों का अद्यतन विवरण समयबद्ध रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि शिकायतों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विकास भवन स्थित अन्य विभागीय कार्यालयों का भी औचक निरीक्षण किया तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयपालन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

