सोर समाचार | पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ महिला अस्पताल सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद अजय टम्टा, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, मेयर कल्पना देवलाल एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से वर्चुअल माध्यम से अभियान की औपचारिक शुरुआत की। अभियान के पहले दिन छह बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को दी जा रही है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को प्रभावी रूप से कम किया जा सके। टीकाकरण की संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

