पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ जिले में पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए झूलाघाट में फर्जी सिम कार्ड गिरोह का पर्दाफाश किया। शनिवार को कोतवाली झूलाघाट पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कस्बे की एक मोबाइल गैलरी में छापा मारा। कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध सिम कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुए।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं — बृजेश गढ़कोटी और मनोज गढ़कोटी, जो ग्रामीणों से धोखे से कई सिम कार्ड एक्टिवेट करवा कर अपने पास रखते थे। बाद में ये सिम कार्ड ऊंचे दामों पर नेपाली नागरिकों और अन्य लोगों को बेच दिए जाते थे।
बरामदगी में 38 सिम कार्ड, 40 अलग-अलग व्यक्तियों के आधार कार्ड की फोटो कॉपी और 3 व्यक्तियों के मूल आधार कार्ड शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4), 61(2), 3(5) व टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच भी जारी है।
पुलिस का जनजागरूकता संदेश
सिम कार्ड हमेशा अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें।
अपनी पहचान पत्र की कॉपी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें।
OTP, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड कभी साझा न करें।

