पिथौरागढ़ | सोर समाचार
राज्य में मानसून की दस्तक के साथ ही अब राजनीति का पारा भी चढ़ चुका है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मौसम जोरों पर है, और राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ क्षेत्रीय नेता-नेत्रियां भी इस पंचायती माहौल का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
इसी क्रम में पिथौरागढ़ जनपद की 06-बीसाबजेड़ क्षेत्र से कल्पना चंद ने भी क्षेत्र पंचायत हेतु अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन दाखिल कर दिया है।
कल्पना चंद ने अपने समर्थकों के साथ ज़ोरदार उत्साह और विश्वास के साथ नामांकन पत्र जमा किया। उनके इस कदम को न सिर्फ एक राजनीतिक पहल, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में कल्पना चंद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद की शोभा बढ़ाना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया।
स्थानीय जनता में भी उनके नामांकन को लेकर सकारात्मक चर्चा है। क्षेत्र की महिलाएं विशेष रूप से उत्साहित हैं और इसे महिला नेतृत्व को लेकर एक नई उम्मीद के रूप में देख रही हैं।

