सोर समाचार | पिथौरागढ़
आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लक्ष्मण सिंह महर परिसर, पिथौरागढ़ में गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलानुशासक डॉ. कमलेश कुमार भाकुनी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया, जिससे परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संगीत विभाग द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें बी.एड. विभाग की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली।
कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस तथा रोवर्स-रेंजर्स के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। आयोजन में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही और पूरे परिसर में गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

