पिथौरागढ़ | सोर समाचार
देवभूमि शिक्षा केंद्र के निदेशक डॉ. नीरज चंद्र जोशी ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में हृदय रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलोजिस्ट, तथा महिला चिकित्सालय में स्थाई रेडियोलोजिस्ट की तैनाती की मांग की गई है।
डॉ. जोशी ने कहा कि दिल का दौरा पड़ने पर मरीज को 1 घंटे में उपचार जरूरी होता है, लेकिन पिथौरागढ़ से हल्द्वानी पहुंचने में 6-7 घंटे और बरेली जाने में 7-8 घंटे लगते हैं, जिससे मरीज के जीवित रहने की संभावना बेहद कम हो जाती है। इसी तरह ब्रेन हेमरेज, लकवा या सिर की गंभीर चोट पर भी यहां न्यूरोलोजिस्ट की कमी गंभीर चुनौती बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि जिले में सिर्फ एक रेडियोलोजिस्ट होने के कारण गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
डॉ. जोशी ने कहा कि राज्य सरकार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती में असमर्थ रही है, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री से जनहित में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की गुहार लगाई है।

