पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिला पिथौरागढ़ की मुनस्यारी तहसील के अंतर्गत जिमीघाट–लीलम के बीच बुई, पातों और रालम मार्ग पर पीएमजीएसवाई मोटर सड़क बीते एक सप्ताह से बंद पड़ी है। इस मार्ग पर दो वाहन और चार बाइकें फंसी हुई हैं, जिससे वाहन स्वामियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने से आवश्यक खाद्यान्न सामग्री भी गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम दानू ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन अधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर सड़क को तत्काल खोलने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मार्ग नहीं खोला गया, तो तीन ग्राम सभाओं की जनता आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तराखंड व कुमाऊं आयुक्त नैनीताल को भी अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

