सोर समाचार | पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में साफ कर दिया गया है कि अब बिना ऑनलाइन बुकिंग या डीएसी नंबर के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों और गैस एजेंसी प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित हो, साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और हर वितरण के बाद डीएसी को तुरंत ऑनलाइन सत्यापित कर सिस्टम में फीड किया जाए।
प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में पाया गया, तो सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, वैकल्पिक ईंधन के तौर पर पिरूल ब्रिकेट्स स्टोव को बढ़ावा देने की बात भी सामने आई है, जिसे प्रशासन एक बेहतर विकल्प मान रहा है और इसके व्यापक प्रचार के निर्देश दिए गए हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि मार्च माह की सभी डीएसी अब स्वतः निरस्त हो चुकी हैं और अप्रैल में नई डीएसी जनरेट हो रही है, जिसके आधार पर ही गैस सिलेंडर मिलेगा। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पुरानी डीएसी को लेकर भ्रमित न हों और केवल नई बुकिंग के आधार पर ही गैस प्राप्त करें। साफ है कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन की नजर सख्त बनी हुई है।

