पिथौरागढ़ | सोर समाचार
परिवहन विभाग द्वारा जनपद में अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में हुए इस अभियान में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान पाया गया कि कृषि कार्य हेतु पंजीकृत ट्रैक्टरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे थे, जबकि कुछ चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था। कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चलते मिले, जो सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे।
कार्रवाई के दौरान बीते सप्ताह में 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया गया और प्रत्येक पर लगभग 40 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एआरटीओ शिवांश कांडपाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों के जरिए नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों से नियमों का पालन करने की अपील की।

