शेरादेवल मंदिर सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, सर्वे कार्य शुरू होगा जल्द !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जनपद पिथौरागढ़ के प्रसिद्ध सेरादेवल महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार, 30 मार्च 2026 को इस विषय में सेना मुख्यालय भड़कटिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखंड सरकार के दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिला मंत्री रघुवीर सिंह बिष्ट, सेना के उच्चाधिकारी, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी और पुजारी चंद्रशेखर भट्ट सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान ब्रिगेडियर गौतम पठानियां ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए दो वैकल्पिक मार्गों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों विकल्पों पर सहमति बनाते हुए वैकल्पिक सर्वे की अनुमति प्रदान कर दी गई है, जिससे आगे की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
सेना के उच्चाधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
बैठक के उपरांत दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिला मंत्री रघुवीर सिंह बिष्ट, तहसीलदार विजय गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और मंदिर समिति के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान दोनों संभावित मार्गों का जायजा लेकर जमीनी स्थिति का आकलन किया गया।
ब्रिगेडियर गौतम पठानियां ने आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर सर्वे कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे सड़क निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *