डीडीहाट में यूकेडी की बैठक, संगठन मजबूत करने पर जोर

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

डीडीहाट में उत्तराखंड क्रांति दल की जनपद कार्यकारिणी की बैठक व्योम रेस्टोरेंट में जिला अध्यक्ष कृपालु मेहरा और महामंत्री ओमप्रकाश गोस्वामी के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को दल से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष और डीडीहाट विधानसभा से प्रत्याशी दिनेश गुरु रानी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मूल निवास, भू-कानून, राजधानी गैरसैंण, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे विषयों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि डीडीहाट जिला सहित क्षेत्र के निवासियों को मालिकाना हक दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उनके द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के 610वें दिन पदाधिकारियों को भी अभियान से जोड़ा गया और शपथ दिलाई गई।
बैठक में गोविंद लाल शाह, सुनील शाह, शेर सिंह शाही, गोविंद सिंह रावत, वीरजगपाल, भारत सिंह ऐरी, भगवान सिंह पोखरिया सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दल ने शेर सिंह शाही को जनपद डीडीहाट का कोषाध्यक्ष भी नियुक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *