37 करोड़ की वासुकीनाग पेयजल योजना पर डीएम सख्त, गुणवत्ता व सुरक्षा के निर्देश !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वासुकीनाग ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने योजना की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रगति को लेकर सख्त निर्देश दिए।

यह योजना विकासखंड गंगोलीहाट के 49 गांवों को शुद्ध और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के पूर्ण होने पर हजारों ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान सेराघाट में निर्मित इन्फिल्ट्रेशन वेल और पंपिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। डीएम ने एचटी पैनल रूम के नीचे आरसीसी सुरक्षा दीवार निर्माण तथा पाइपलाइन को एंकर ब्लॉक से सुरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान न हो।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को शेष कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही, जिन गांवों को अभी योजना से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें शामिल करने के लिए वैकल्पिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कहा कि हर घर नल से जल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे हर हाल में समय पर पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *