सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज निर्माण पर डीएम सख्त, मटेरियल टेस्ट के आदेश; एआरटीओ कार्यालय का भी औचक निरीक्षण

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने मड़धुरा क्षेत्र में निर्माणाधीन सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल निर्माण निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई और संबंधित अधिकारियों को मटेरियल टेस्ट तुरंत कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय पिथौरागढ़ का भी औचक निरीक्षण किया। यहां बायोमेट्रिक उपस्थिति मशीन खराब मिलने पर उन्होंने नाराज़गी जताई और इसे तत्काल रिप्लेस करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में आए लोगों से भी बातचीत कर ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली तथा पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा आमजन के कार्यों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *