पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पुराना बाजार होली चौक के अध्यक्ष त्रिभुवन लाल शाह को समाजसेवी जुगल किशोर पांडे की पहल पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें शाल ओढ़ाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा गीता ग्रंथ भेंट कर सम्मान दिया गया और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
इस दौरान जुगल किशोर पांडेय ने बताया कि पुराना बाजार की होली का ऐतिहासिक महत्व है। यह परंपरा वर्ष 1832 से चली आ रही है और यहां की खड़ी होली दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि यह होली हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल भी प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि इस पारंपरिक होली के आधुनिक स्वरूप को बनाए रखने में त्रिभुवन लाल शाह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाजसेवी जुगल किशोर पांडे ने बताया कि शाह, थापा, वर्मा, खत्री, सारकी और महरा परिवारों के साथ-साथ मुस्लिम परिवारों ने भी इस खड़ी होली को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में ललित शौर्य, राहुल शाह, सूरज थापा, निक्की शाह, मनीष महरा, अनिल वर्मा, पिंकू महरा, शुभम शाह और शुभम बहादुर सहित कई लोग उपस्थित रहे।

